धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। कुरूद थाना क्षेत्र के नारी गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने एक चावल कारोबारी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज साहू, निवासी ग्राम कंडेल, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज साहू अपने वाहन से चावल लेकर नारी गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नारी पुल के पास अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में नीरज साहू के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा किया गया है।










