अंबिकापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लागू ड्राई डे के दौरान अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय उड़नदस्ता टीम ने अंबिकापुर के बाबूपारा क्षेत्र में दबिश देकर एक व्यक्ति के कब्जे से 27.2 लीटर विदेशी मदिरा बरामद की है।
आबकारी विभाग को बाबूपारा में अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई करते हुए आनंद सोनी को पकड़ा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी ऑटो के जरिए घूम-घूमकर अवैध शराब बेचने की तैयारी में था।
तलाशी के दौरान ऑटो में रखे पिट्ठू बैग से 8 PM व्हिस्की की 7 बोतलें बरामद की गईं। इसके बाद आरोपी के किराए के मकान की तलाशी लेने पर सिंबा और गॉडफादर बीयर समेत 8 बोतल व्हिस्की भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक ऑटो और शराब रखने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा फ्रीजर भी जब्त कर लिया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ड्राई डे के दौरान हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










