सूरजपुर | छत्तीसगढ़ हेडलाइन सूरजपुर जिले के नेहरू पार्क में प्रेम प्रसंग का एक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मंडरापारा लटोरी निवासी राधिका राजवाड़े अपने प्रेमी रितेश राजवाड़े (निवासी कुरुवा) के साथ नेहरू पार्क पहुंची थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रितेश को राधिका के किसी अन्य युवक से संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई।
आरोप है कि गुस्से में रितेश ने चाकू से राधिका के गले पर कई वार कर दिए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर युवती को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूरजपुर पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और तकनीकी इनपुट के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस के जंगलों में घेराबंदी कर आरोपी रितेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम संबंध में अविश्वास और चरित्र पर संदेह सामने आया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।










