बस्तर न्यायिक कर्मचारी संघ को मिला नया नेतृत्व, मानसिंह बघेल 13 मतों से बने जिला अध्यक्ष

जगदलपुर | छत्तीसगढ़ हेडलाइन। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में रविवार को छत्तीसगढ़ न्यायिक कर्मचारी संघ के बस्तर जिला अध्यक्ष पद के लिए हुए त्रिवर्षीय चुनाव में मानसिंह बघेल ने जीत दर्ज कर संगठन की कमान अपने हाथों में ले ली। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी राजेश पांडे को 13 मतों से पराजित किया।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर से मान्यता प्राप्त तथा अखिल भारतीय न्यायिक कर्मचारी महासंघ से संबद्ध इस चुनाव में कुल 109 मतदाता थे। विशेष बात यह रही कि सभी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना में मानसिंह बघेल को 61 जबकि राजेश पांडे को 48 मत प्राप्त हुए, जिसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी विक्रम कुमार सोनी ने उन्हें विजयी घोषित किया। निर्वाचन प्रक्रिया सहायक निर्वाचन अधिकारियों डी.आर. मराई एवं पी.के. जोशी के सहयोग से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई।

विजय के बाद नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष मानसिंह बघेल ने न्यायिक कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे न्यायिक कर्मचारी परिवार के विश्वास और एकजुटता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और मजबूत बनाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को संबंधित मंचों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

वरिष्ठ न्यायिक कर्मचारी शाहनवाज खान ने भी सभी कर्मचारियों, वरिष्ठजनों और सहयोगी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए वरिष्ठ कर्मचारियों के अनुभव और युवा कर्मचारियों के उत्साह का समन्वय किया जाएगा। चुनाव संपन्न होने के बाद सभी कर्मचारी अब संगठन के हित, अधिकार और सम्मान के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर श्रीमती छाया, धनेश्वर, रूपेश ठाकुर, रंजीत, ललित, प्रशांत, सुजीत, राकेश दास सहित बड़ी संख्या में न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!