धमतरी में नशे के कारोबार पर आर्थिक प्रहार, 35.85 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज

धमतरी | छत्तीसगढ़ हेडलाइन। धमतरी पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए यह साफ कर दिया है कि अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्ति भी कानून के शिकंजे में आएगी। मुंबई स्थित SAFEMA कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल ₹35.85 लाख से अधिक की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में आरोपी आरती रजक के बैंक खातों और निवेश से जुड़ी करीब ₹12.93 लाख की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। वहीं दूसरे मामले में करण सिंह धुरी तथा उसके परिजनों के नाम दर्ज बैंक खातों, वाहन और अन्य परिसंपत्तियों सहित करीब ₹22.91 लाख की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।

दोनों मामलों में कुल मिलाकर ₹35.85 लाख से अधिक की संपत्ति को कानून के दायरे में लाते हुए उस पर रोक लगा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

धमतरी पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई के पूरे नेटवर्क पर प्रहार करना है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार से जुड़ा कोई भी व्यक्ति अब अपनी अवैध संपत्ति सुरक्षित नहीं रख पाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!