चिरमिरी (एमसीबी)। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चिरमिरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना चिरमिरी पुलिस ने पिछले 10 दिनों के भीतर अवैध महुआ शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 8 अलग-अलग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6,400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
लगातार जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि चिरमिरी पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि अवैध महुआ शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों की लगातार निगरानी की जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार का विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा सकें।
जनता से सहयोग की अपील
चिरमिरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन हो रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना के लिए डायल 112 का उपयोग करने की भी अपील की है।











