500 करोड़ का ‘डबल मनी’ जाल: हार्वर्ड MBA का दावा करने वाला निकला 12वीं पास, 4 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा मास्टरमाइंड

बालाघाट। मध्य प्रदेश।   “6 से 9 महीने में पैसा दोगुना होगा…” यही वह सपना था, जिसने हजारों लोगों की जिंदगीभर की कमाई दांव पर लगा दी। मध्य प्रदेश के बालाघाट में सामने आए बहुचर्चित डबल मनी घोटाले में पुलिस ने चार वर्षों से फरार चल रहे कथित मास्टरमाइंड सोमेंद्र कंकरायने समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए करीब ₹500 से ₹600 करोड़ की ठगी की गई।

हार्वर्ड का MBA नहीं, सिर्फ 12वीं पास

जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि खुद को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से MBA बताने वाला सोमेंद्र वास्तव में 12वीं पास और कॉलेज ड्रॉपआउट निकला। लोगों का विश्वास जीतने के लिए वह विदेशी निवेश, करोड़ों की संपत्ति और विदेश यात्राओं की कहानियां सुनाता था, जबकि पुलिस जांच में उसके पास पासपोर्ट तक नहीं मिला।

ऐसे बिछाया गया ठगी का जाल

गिरोह लोगों को भरोसा दिलाता था कि यदि वे निवेश करेंगे तो 6 से 9 महीने के भीतर रकम दोगुनी कर दी जाएगी। शुरुआत में कुछ निवेशकों को भुगतान कर विश्वास बनाया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जमा पूंजी निवेश कर दी। धीरे-धीरे यह नेटवर्क एजेंटों के माध्यम से कई जिलों तक फैल गया।

आम लोगों से लेकर अधिकारी और नेता भी बने शिकार

पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि कई सरकारी कर्मचारी, अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी निवेशक या संपर्क में रहे। मामले में अब तक 63 से अधिक प्रकरण दर्ज हो चुके हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

टेलीग्राम से चलता था पूरा नेटवर्क

फरारी के दौरान आरोपी अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर छिपकर रह रहा था और टेलीग्राम ऐप के जरिए अपने साथियों से संपर्क बनाए रखता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक महत्वपूर्ण डायरी भी बरामद की है, जिसमें निवेशकों, एजेंटों और लेन-देन से जुड़ी अहम जानकारियां दर्ज होने की बात कही गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस डायरी से कई नए नाम सामने आ सकते हैं।

जांच अभी जारी

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि इस मामले में कई और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। वित्तीय लेन-देन, एजेंट नेटवर्क और निवेश की पूरी श्रृंखला की जांच जारी है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!