सूरजपुर में युवती पर जानलेवा हमला, नेहरू पार्क के बाहर गला रेतने की कोशिश, हालत गंभीर

सूरजपुर | छत्तीसगढ़ हेडलाइन  सूरजपुर शहर में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात ने लोगों को दहला दिया। शहर के नेहरू पार्क के बाहर करीब रात 8 बजे एक अज्ञात युवक ने एक युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने युवती के गले पर वार किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए शहर में नाकेबंदी कर विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हाल के दिनों में सूरजपुर पुलिस ने गंभीर मामलों की त्वरित जांच और कार्रवाई पर विशेष जोर दिया है।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह हमला आपसी रंजिश, एकतरफा प्रेम प्रसंग या किसी अन्य कारण से जुड़ा है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी या वीडियो उपलब्ध हो तो तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!