गरियाबंद। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवभोग थाना पुलिस ने NH-130C स्थित खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का 400 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, देवभोग पुलिस की टीम खुटगांव नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक आयशर वाहन MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके संदिग्ध पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में गांजा भरा हुआ पाया गया।
पूछताछ में खुला तस्करी नेटवर्क
वाहन में सवार महाराष्ट्र निवासी संतोष मोहिते और सुमित थोड़वे से पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि आगे एक बाइक पर सवार दो लोग रास्ते की निगरानी करते हुए वाहन की पायलटिंग कर रहे हैं।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और OD 08 W 5814 नंबर की ग्लैमर बाइक पर सवार पंकज मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ आगे बढ़ने पर पुलिस को गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र के डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से लिया गया था।
इसके बाद गरियाबंद पुलिस की टीम ने ओडिशा पहुंचकर कार्रवाई की और विनोद दिसारी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए।
पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?
- 400 किलो गांजा — अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये
- आयशर वाहन — करीब 20 लाख रुपये
- ग्लैमर बाइक
- 3 मोबाइल फोन
- कुल 6.50 लाख रुपये नकद
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजा तस्करी के संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को बधाई दी है।









