सुकमा में नक्सलियों के डम्प पर बड़ी कार्रवाई, 23 हथियार और 492 जिंदा कारतूस समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

सुकमा। भेज्जी थाना क्षेत्र के भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुकमा पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री के डम्प को बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को संयुक्त टीम भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। तलाशी के दौरान कुल 23 हथियार, 492 जिंदा कारतूस, 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलो गन पाउडर और बड़ी संख्या में बीजीएल सेल एवं अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।

23 हथियार और 492 जिंदा राउंड बरामद

बरामद हथियारों में एसएलआर, .315 बोर रायफल, .410 मस्केट, 06 बीजीएल लांचर, 12 बोर रायफल, भरमार बंदूक और देशी कट्टा सहित कुल 23 हथियार शामिल हैं। वहीं बरामद जिंदा कारतूसों में एके-47 के 45, एसएलआर के 196, इंसास के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 और 12 बोर रायफल के 45 राउंड शामिल हैं।

बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री

सर्चिंग के दौरान 66 बीजीएल कार्टिज, 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलो गन पाउडर और 05 देशी हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए गए। इसके अलावा 08 बड़े, 23 मध्यम और 58 छोटे बीजीएल सेल, 08 बीजीएल मुंडी, हथियारों के खाली खोखे, मैगजीन पाउच, बीजीएल पाउच, एक्सीलेटर प्लग और टाइगर बम पटाखे सहित अन्य विस्फोटक सामग्री मिली है।

नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री भी बरामद

डम्प से 07 जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, 32 काले और 22 हरे कमर बेल्ट, 11 व्हिसिल गार्ड, 07 मंकी कैप, 02 वेल्डर शील्ड, 02 सोलर प्लेट, 07 पिट्टू बैग, नीले ड्रम, कपड़ा चैन, रिबन, दवाइयां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई है।

नक्सल उन्मूलन अभियान जारी

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डम्प की तलाश के लिए एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

सुकमा पुलिस ने बरामद डम्प को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत करने के उद्देश्य से नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!