जांजगीर-चांपा। साइबर थाना जांजगीर-चांपा पुलिस ने म्यूल अकाउंट (Mule Account) गिरोह का खुलासा करते हुए बैंक कर्मचारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी 10 से 15 हजार रुपये कमीशन के लालच में लोगों के बैंक खाते खुलवाकर या उपलब्ध कराकर उन्हें साइबर ठगों तक पहुंचाते थे। इन खातों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
पुलिस जांच में कर्नाटक और महाराष्ट्र में दर्ज तीन साइबर ठगी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें कुल 1,62,149 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की राशि इन खातों के माध्यम से भेजी गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा कमीशन लेकर बैंक खाते खुलवाए जाते थे और बाद में उन्हें दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी गिरोहों को उपलब्ध कराया जाता था। इस मामले में एक बैंक कर्मचारी की भूमिका भी सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि म्यूल अकाउंट नेटवर्क की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











