लखनपुर (सरगुजा)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में वर्षों से जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत पुहपुटरा के आश्रित ग्राम चिलबिल के पंडोपारा में ग्रामीणों ने ग्राम पुहपुटरा से पंडोपारा होते हुए सिंगीटाना जाने वाली बदहाल सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल के विधानसभा क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं हो सकी है। उनका आरोप है कि चुनाव के समय नेता और जनप्रतिनिधि केवल वादे करने आते हैं, लेकिन चुनाव के बाद सड़क की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की हालत इतनी खराब है कि बरसात के दिनों में यह पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सिंगीटाना मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आवागमन होता है। सड़क के आसपास विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो समुदाय के लगभग 10 परिवार निवास करते हैं, लेकिन उन्हें आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि किसी बीमार व्यक्ति या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना पड़े तो एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। मजबूरी में परिजनों को मरीज को खाट पर उठाकर एक से दो किलोमीटर तक पैदल इसी जर्जर सड़क से ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उन्होंने कई बार सरपंच और पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारियों को सड़क की स्थिति से अवगत कराया, लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई। स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका।
ग्रामीणों का कहना है कि लगभग एक दशक बीत जाने के बाद भी सड़क की तस्वीर नहीं बदली है। अब उन्होंने सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया है और शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि ग्रामीणों के इस अनोखे प्रदर्शन के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क निर्माण को लेकर क्या कदम उठाते हैं, या फिर ग्रामीणों को लंबे समय तक इसी बदहाल सड़क पर आवागमन करने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।










