जांजगीर-चांपा में सनसनीखेज हत्या: लिफ्ट मांगकर बाइक पर बैठे दो युवकों ने मांगे पैसे, इनकार पर चौकीदार की चाकू से गोदकर हत्या

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय में देर रात हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चांपा रोड पर बड़े नहर पुल के पास बाइक सवार युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खोखरा निवासी राजेश सूर्यबंशी के रूप में हुई है, जो चौकीदारी का काम करता था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे की है। राजेश सूर्यबंशी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी। राजेश ने दोनों को बाइक पर बैठा लिया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद कथित तौर पर दोनों युवकों ने उससे पैसे की मांग शुरू कर दी।

पैसे देने से इनकार किया तो चाकू से हमला

बताया जा रहा है कि राजेश ने पैसे देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए राजेश बाइक से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन हमलावरों ने कथित तौर पर उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और चाकू से कई वार किए।

हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रात में ही पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ा

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और देर रात ही मामले से जुड़े संदिग्धों को पकड़ लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामले में पकड़े गए आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। उनके नशे के आदी होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि और वारदात के वास्तविक मकसद को लेकर पुलिस जांच जारी है।

जिला मुख्यालय में हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज लिफ्ट देने और कथित तौर पर पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति की जान ले लेने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ ही वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!