दीवार तोड़कर ज्वेलर्स में चोरी का 72 घंटे में खुलासा, दो महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा स्थित श्री गुरू ज्वेलर्स में दीवार तोड़कर की गई चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत की मशरूका बरामद की है। बरामद सामान में करीब दो किलो चांदी के जेवरात, सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

10 से अधिक टीमों ने खंगाले हजारों CCTV फुटेज

पुलिस के मुताबिक, रावतपुरा कॉलोनी फेस-02, मठपुरैना निवासी निमाई डोन्डा की श्री गुरू ज्वेलर्स दुकान में 10 अगस्त 2026 की सुबह चोरी की सूचना मिली थी। दुकान पहुंचने पर संचालक ने देखा कि दुकान की एक दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके बाद टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुडिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के लिए 10 से अधिक टीमों को लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया तथा आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले रास्तों की भी जांच की गई।

आकांक्षा से पूछताछ में खुला चोरी का राज

लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पुरानी बस्ती निवासी आकांक्षा सोनी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने चोरी में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पुलिस के सामने मौजूद साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ने पर उसने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

आकांक्षा से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उषा उर्फ सपना खुंटे, लोकेश राव उर्फ विकास, एम. मोहन राव उर्फ मोनी और मिराज आलम को भी गिरफ्तार कर लिया।

पहले रेकी, फिर दीवार तोड़कर वारदात

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि चोरी की पूरी योजना लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव ने तैयार की थी। दोनों ने पहले श्री गुरू ज्वेलर्स की रेकी की और दुकान को निशाना बनाने की योजना बनाई। इसके बाद लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी और मिराज आलम को भी योजना में शामिल किया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात के दिन एम. मोहन राव और मिराज आलम दुकान में दाखिल हुए, जबकि लोकेश राव उर्फ विकास दुकान से कुछ दूरी पर निगरानी करता रहा। आरोपियों ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जेवरात चोरी कर फरार हो गए। बाद में चोरी के सामान को आपस में बांट लिया गया।

हत्या समेत कई मामलों में जेल जा चुका है मोहन राव

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी एम. मोहन राव उर्फ मोनी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वह जीआरपी दुर्ग में दर्ज हत्या के चार मामलों और चोरी के एक मामले समेत कुल पांच प्रकरणों में जेल जा चुका है। हत्या के एक मामले में उसे न्यायालय से 10 वर्ष की सजा भी हो चुकी है। वहीं लोकेश राव उर्फ विकास के खिलाफ जिला दुर्ग के थाना भट्ठी और भिलाई में एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी एक्ट के तहत मामले दर्ज बताए गए हैं। उसकी पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे भी पूर्व में टिकरापारा थाना क्षेत्र के एक मामले में जेल जा चुकी है।

7.50 लाख की मशरूका बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। बरामदगी में करीब दो किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी है।

72 घंटे में चोरी का खुलासा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच की बड़ी सफलता के तौर पर सामने आया है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!