बाइक रैली में हजारों की भीड़ ने दिखाया देशप्रेम का जुनून, भारत माता और वीर सपूतों की झांकी ने बांधा समां
चिरमिरी। 11 अगस्त 2026 चिरमिरी की सड़कों पर सोमवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा, वाहनों पर लहराता राष्ट्रीय ध्वज और गूंजते देशभक्ति के नारों के बीच निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली ने शहर में जोश की लहर दौड़ा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस रैली में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने रैली की अगुवाई की।
🔥 तिरंगे के रंग में रंगा पूरा चिरमिरी
रैली का आगाज चिरमिरी-पौड़ी स्थित अटल परिसर से हुआ। जैसे ही सैकड़ों बाइक सवार तिरंगा लेकर आगे बढ़े, पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बाइक पर लहराता तिरंगा और युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। सड़क के दोनों ओर मौजूद नागरिकों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने तिरंगे को सलाम किया और राष्ट्रभक्ति के नारों से बाइक रैली का हौसला बढ़ाया।
रैली दीनदयाल उपाध्याय चौक पोड़ी, शहीद राजेश पटेल चौक हल्दीबाड़ी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक डोमनहिल, दादू लाहिड़ी चौक डोमनहिल, कबीर चौक और गुरुद्वारा चौक गोदरीपारा से होते हुए अग्रसेन भवन, बड़ा बाजार पहुंची।
भारत माता की झांकी ने बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का जोश
तिरंगा बाइक रैली के बीच भारत माता और देश के वीर सपूतों पर आधारित आकर्षक झांकी लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनी रही। झांकी में देश की वीरता, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिखाई दिया। इसे देखने के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
“भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से चिरमिरी की सड़कें गूंजती रहीं।
💥 अग्रसेन भवन में सभा, महापुरुषों को किया नमन
रैली के अग्रसेन भवन पहुंचने के बाद विशाल सभा का आयोजन किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। इसलिए तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।
🚩 भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
रैली में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, चिरमिरी नगर पालिक निगम के महापौर श्री राम नरेश राय सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तिरंगों से सजी बाइकें, देशभक्ति के नारे और भारत माता की झांकी ने चिरमिरी को मानो राष्ट्रभक्ति के उत्सव में बदल दिया। यह रैली महज बाइक रैली नहीं रही, बल्कि देश के प्रति सम्मान, तिरंगे के गौरव और राष्ट्र की एकता का जोरदार संदेश बनकर सामने आई।










