पेपर लीक को लेकर डॉ. चरणदास महंत का केंद्र पर हमला, बोले— युवाओं के भविष्य की हो रही सौदेबाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने रविवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों और भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और इससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

डॉ. महंत ने दावा किया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अवैध लेन-देन का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं से जुड़े मामलों में लाखों रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की चर्चाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने इन कथित लेन-देन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ईमानदारी से तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में सरकारी नौकरियों की संख्या सीमित है, जबकि करोड़ों युवा वर्षों तक कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में यदि पेपर लीक और धांधली की घटनाएं होती हैं तो इसका सबसे अधिक नुकसान मेहनती छात्रों को उठाना पड़ता है।

नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. महंत ने बस्तर की छात्रा सुरला हारिका राव के मामले का भी उल्लेख किया और कहा कि परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों से छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ता है। उन्होंने इस तरह की घटनाओं की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी युवाओं से जुड़े इस मुद्दे को लगातार उठा रही है और आगे भी सड़क से लेकर संसद तक छात्रों के हितों के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, अमितेष शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, मुख्य प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी, धनंजय सिंह ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!